खबर सच है संवाददाता
वाराणसी। यहां किराए के फ्लैट में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस आयुक्त की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर मिली शिकायत के आधार पर कैंट पुलिस और एसओजी-2 की टीम ने शनिवार को संयुक्त कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान यूपी के वाराणसी मेंसेंट्रल जेल रोड स्थित कुंज विहार कॉलोनी से मुख्य संचालिका की बहन, तीन युवतियों और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार इस रैकेट की मुख्य संचालिका पायल राजपुरिया उर्फ शाहीन और उसका पति सिद्धार्थ राजपुरिया फिलहाल फरार हैं। बताया गया कि शाहीन ने कोलकाता निवासी सिद्धार्थ राजपुरिया से प्रेम विवाह के बाद अपना नाम बदलकर पायल रख लिया था। बाद में वह अपने पति और बहन के साथ मिलकर वाराणसी में देह व्यापार का नेटवर्क चलाने लगी।
शाहीन की बहन रेहाना खातून ने भी प्रेम विवाह के बाद अपना नाम नेहा श्रीवास्तव रख लिया था। पारिवारिक विवाद के बाद उसका पति मुनि श्रीवास्तव मुंबई चला गया। इसके बाद शाहीन, सिद्धार्थ और नेहा कुंज विहार कॉलोनी में एक मकान में रहने लगे और उसी इमारत में दो फ्लैट किराए पर ले लिए। ऊपरी फ्लैट में वे स्वयं रहते थे, जबकि नीचे वाले फ्लैट में देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। मकान मालिक विदेश में रहता है।
पुलिस ने मौके से मुख्य संचालिका की बहन नेहा श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। इसके अलावा तीन युवतियां और एक ग्राहक भी पकड़ा गया। गिरफ्तार ग्राहक की पहचान मलदहिया निवासी राहुल जायसवाल के रूप में हुई है, जो एसबीआई में बाबू के पद पर कार्यरत है। उसके मोबाइल फोन से 40–45 युवतियों की तस्वीरें बरामद हुई हैं। पूछताछ में बताया कि वह एक युवक के माध्यम से कुंज विहार कॉलोनी पहुंचा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी बहनें कोलकाता से युवतियों कोबुलाकर फ्लैट में रखती थीं और उनसे देह व्यापार कराती थीं। पकड़ी गई तीनों युवतियां कोलकाता की रहने वाली हैं, जो 18 जनवरी को वाराणसी आई थीं। मौके से निरोधक सामग्री, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।




