खबर सच है संवाददाता
देहरादून। यहां पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार मामले में संस्कृति लोक कॉलोनी में छापेमारी कर एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3500 रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर-1 स्थित एक मकान में देह व्यापार कराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मकान में अचानक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान एक कमरे में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार 42 वर्षीय अजमीरा ने मकान किराये पर लिया था। आरोप है कि वह फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी तथा उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजती थी। ग्राहकों की मांग के अनुसार बाहरी जिलों और राज्यों से महिलाओं को बुलाकर कथित रूप से देह व्यापार कराया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




