खबर सच है संवाददाता
रुड़की। यहां मंगलवार देर रात मेन बाजार में बाटा शोरूम के पास बाइक व स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने स्कूटी सवार अर्श (28) निवासी दद्देडू, मुजफ्फरनगर और बाइक सवार मोनू दिवाकर (30) निवासी अंबर तालाब,कोतवाली गंगनहर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अजीम निवासी निराला, थाना सिखेड़ा, मुजफ्फरनगर का उपचार जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्श रुड़की में रहकर एक निजी फार्मेसी कॉलेज से पढ़ाई कर रहा था। हादसे की सूचना पर मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।




