देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में सीसीटीवी फुटेज से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। फुटेज में दो युवक अपने एक साथी को धक्का देकर सड़क किनारे गिराते और उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों उसे बेसुध हालत में सड़क पर छोड़कर चले गए।कुछ देर बाद लौटे और हिलाकर देखा और फिर वहां से फरार हो गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मारपीट और धक्का देने की घटना को युवक की मौत से जोड़ कर देखा जा रहा है। मामले में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 20 अक्टूबर की सुबह पटेलनगर क्षेत्र के सेवला खुर्द में राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। काफी कोशिशों के बावजूद युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद नियमानुसार 72 घंटे तक पहचान का इंतजार किया गया।शिनाख्त नहीं होने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।फुटेज में घटना से जुड़ी अहम कड़ियां सामने आईं। उपनिरीक्षक जयवीर सिंह की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक 19 अक्टूबर की रात करीब 10:56 बजे तीन व्यक्ति सड़क पर एक साथ जाते दिखाई दिए। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने साथ चल रहे युवक को जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगने से युवक सड़क किनारे गिर पड़ा।
इसके बाद धक्का देने वाले व्यक्ति ने युवक के साथ मारपीट की, जबकि तीसरा व्यक्ति पास में खड़ा दिखाई दिया। कुछ देर बाद दोनों युवक घायल साथी को वहीं छोड़कर चले गए। हैरानी की बात यह है कि कुछ समय बाद दोनों दोबारा मौके पर लौटे और सड़क पर पड़े युवक को हिलाकर देखा। इसके बाद वे उसे उसी हालत में छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के साथ धक्का देने और मारपीट करने की घटना उसकी मौत से जुड़ी हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। धारा 105 गैर-इरादतन हत्या से संबंधित है, जबकि धारा 3(5) एक ही आशय से कई व्यक्तियों की ओर से किए गए कृत्य से जुड़ी है।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही मृतक की पहचान कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




