खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। गीजर ठीक करने के बहाने घर में घुसकर अलमारी से सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच तोले के दो सोने के कड़े और 2.29 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद नकदी चोरी के जेवर बेचकर हासिल की गई थी। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को इस सफलता पर दो हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने 25 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर गीजर ठीक करने के बहाने आया था।इसी दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को चोरी का जल्द खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी सिटी हरबंस सिंह और सीओ हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रोहताश सागर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, बनभूलपुरा के रूप में की। पुलिस ने 26 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी के दो सोने के कड़े (करीब पांच तोले) और 2,29,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। इस दौरान टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतवीर सिंह शामिल रहे।




