खबर सच है संवाददाता
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच पुलिस विभाग में तबादलों का दौर जारी है। इसी क्रम में हरिद्वार के बाद अब देहरादून जिले में भी निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के 18 तबादले किए गए हैं। कई थानों में नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं,जबकि कुछ पुलिस अधिकारियों को एसओजी और अन्य शाखाओं में जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक कमल मोहन भंडारी को पुलिस लाइन से कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। कुंदन सिंह राणा को कोतवाली पटेलनगर, वीरेंद्र चंद्र रमोला को थाना रायपुर, मुकेश चौहान को थाना रायवाला और मनोहर भंडारी को प्रेमनगर का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। इसी तरह नरेंद्र बिष्ट को थाना सहसपुर और शांति कुमार को थाना सेलाकुई की कमान सौंपी गई है। ये सभी निरीक्षक पहले पुलिस लाइन में तैनात थे।
वहीं निरीक्षक बीएल भारती को चकराता से स्थानांतरित कर मसूरी थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। राकेंद्र कठैत एएचटीयू से नेहरू कॉलोनी थाने की जिम्मेदारी संभालेंगे। जबकि पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक रहे नरेश राठौर को पुलिस कार्यालय भेजा गया है।
उपनिरीक्षकों के तबादलों में मोहन सिंह को रायवाला थानाध्यक्ष से एसएसआई डालनवाला, पीडी भट्ट को राजपुर थानाध्यक्ष से रानीपोखरी और मनोज नौटियाल को सहसपुर थानाध्यक्ष से बसंत विहार थानाध्यक्ष बनाया गया है। शैंकी कुमार सेलाकुई थानाध्यक्ष से एसओजी प्रभारी देहात की जिम्मेदारी संभालेंगे । गिरीश नेगी को प्रेमनगर से एसएसआई सेलाकुई भेजा गया है।
इसके अलावा अमित शर्मा को बसंत विहार थानाध्यक्ष के पद से एसआईएस शाखा और संजीत कुमार को रायपुर थानाध्यक्ष से एसआईएस शाखा में स्थानांतरित किया गया है। वहीं कुलेन्द्र सिंह को एसएसआई डालनवाला से थानाध्यक्ष डालनवाला बनाया गया है।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस विभाग में किए गए इस फेरबदल को अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के जरिए जिले में कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को और मजबूत करने की तैयारी है। एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बिना देरी किए नई तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।




