हल्द्वानी। सात करोड़ रुपये की कथित वसूली और हनीट्रैप के आरोपों में घिरी ज्योति सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हाईकोर्ट से राहत की उम्मीद लेकर पहुंची ज्योति सिंह को शुक्रवार को झटका लगा। अदालत ने उसकी याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद अब राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का विकल्प बचा है।
ज्ञात हो कि सुभाष गुप्ता से कथित तौर पर चार प्लाट और सात करोड़ रुपये की वसूली से जुड़े मामले में ज्योति सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में हाईकोर्ट की शरण लेकर गिरफ्तारी से राहत पाने की कोशिश की गई, लेकिन शुक्रवार को याचिका खारिज होने से कानूनी मोर्चे पर राहत नहीं मिल सकी। इधर, ज्योति सिंह के एक साथी ने हल्द्वानी न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। इस याचिका पर 30 नवंबर को सुनवाई होनी है। अब निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं तो वहीं इस चर्चित मामले में कानूनी शिकंजा अब और कसता नजर आ रहा है।




